रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा की 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्राम चरौदा स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर से शुरू हुई यह यात्रा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को जानना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ जशपुर राजपरिवार के प्रमुख एवं पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव भी मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया।
प्रदेश के लिए मिसाल बनेगी सेवा संवाद यात्रा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक अनुज शर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच पहुंचें और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि 25 दिनों में 144 गांवों तक पहुंचकर लोगों से संवाद करने की यह पहल धरसींवा के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह यात्रा जनसंपर्क और सुशासन के क्षेत्र में पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण बनेगी। उन्होंने ग्रामीणों से जनचौपाल में शामिल होकर अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने रखने की अपील भी की।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सेवा संवाद यात्रा का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और धान खरीदी सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान यह भी जानकारी जुटाई जाएगी कि पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। इसके लिए प्रत्येक पंचायत में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
25 दिनों में 144 गांवों का होगा दौरा
यात्रा की कार्ययोजना के अनुसार, विधायक अनुज शर्मा 25 दिनों में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों का दौरा करेंगे। प्रतिदिन औसतन पांच से छह गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान ग्राम पंचायतों में बैठक और जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की जाएगी। लोग अपनी समस्याएं, मांगें और क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव विधायक के सामने रख सकेंगे।
पहले दिन जनचौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सेवा संवाद यात्रा के पहले दिन विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। जनचौपाल में लोगों ने मूलभूत सुविधाओं, स्थानीय विकास और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाए। विधायक ने उनकी बातें सुनकर मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
इस यात्रा के जरिए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने के साथ ही क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जा रहा है।

