नई दिल्ली। वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खाने से जुड़ा बड़ा बदलाव किया गया है। अब इन ट्रेनों में यात्रियों को नाश्ते, दोपहर और रात के भोजन में पहले के मुकाबले कम व्यंजन परोसे जाएंगे। भारतीय रेलवे ने यह कदम खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई बेहतर बनाने के उद्देश्य से उठाया है। इसके तहत IRCTC ने मेन्यू में कटौती करते हुए सीमित व्यंजनों को शामिल किया है।
छत्तीसगढ़ में 2028 चुनाव के लिए BJP का नया प्लान, रेड-येलो-ग्रीन श्रेणियों में बंटे बूथ
1 नवंबर से लागू हुआ नया मेन्यू
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, IRCTC ने 1 नवंबर से वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में नया और छोटा मेन्यू लागू कर दिया है। यह व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू की गई है। लंबी दूरी की ट्रेनों में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर यात्रियों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह बदलाव किया गया है। रेलवे मंत्रालय ने भी यात्रियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जोन को भोजन व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए थे।
तीन रूटों पर लागू की गई व्यवस्था
फिलहाल वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें तीन प्रमुख रूटों पर संचालित हो रही हैं। इनमें मुंबई-बेंगलुरु, हावड़ा-कामाख्या और नई दिल्ली-वाराणसी जंक्शन रूट शामिल हैं। इन ट्रेनों में नए मेन्यू को आजमाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि व्यंजनों की संख्या सीमित होने से भोजन की गुणवत्ता पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी।
अब नाश्ते और खाने में मिलेंगे सीमित विकल्प
नए मेन्यू के अनुसार, मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में नाश्ते के दौरान यात्रियों को इडली-वड़ा, सांभर और चटनी के साथ या फिर पोहा अथवा उपमा में से कोई एक विकल्प दिया जाएगा।
वहीं, दोपहर और रात के भोजन में चपाती, चावल, दाल और एक मुख्य व्यंजन शामिल होगा। मुख्य व्यंजन में यात्रियों को चिकन या सब्जी का विकल्प मिलेगा।
मेन्यू से हटाए गए कई खाद्य पदार्थ
मेन्यू छोटा करने के लिए IRCTC ने कई पुराने खाद्य पदार्थों को हटा दिया है। नाश्ते में अब सूप, ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट नहीं मिलेंगे। इसी तरह दोपहर और रात के भोजन से सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाइयों को भी हटा दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत एक बार के भोजन का वजन करीब 450 से 500 ग्राम रखा गया है। पहले यात्रियों को लगभग 700 से 750 ग्राम तक भोजन परोसा जाता था।
खाने की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष ध्यान
भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए IRCTC ने अलग-अलग कैटरिंग कंपनियों के साथ समझौते किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कामाख्या रूट के लिए मेफेयर ग्रुप, हावड़ा रूट के लिए ताजसैट्स और अन्य वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के लिए सरोवर पोर्टिको ग्रुप के साथ काम किया जा रहा है।
IRCTC फिलहाल यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक पर नजर रख रही है। यदि इस नई व्यवस्था को यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो भविष्य में इसे अन्य ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।

