रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों इकाइयों में 1,501 पदों पर भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक इस भर्ती के लिए करीब डेढ़ लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या और सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 3 दिसंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक कर दिया गया है। अभ्यर्थी इस अवधि तक आवेदन करने के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, पावर ट्रांसमिशन कंपनी और पावर जनरेशन कंपनी में कुल 1,501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इसमें द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://cspc.co.in पर उपलब्ध है।
डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों के लिए सबसे ज्यादा आवेदन
इस भर्ती के तहत कुल 38 प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों को लेकर अभ्यर्थियों में सबसे अधिक रुचि देखी जा रही है। इस पद के लिए अब तक करीब 81 हजार उम्मीदवार आवेदन कर चुके हैं। तीनों पावर कंपनियों में डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पद रिक्त हैं।
इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता सहित विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
CBT परीक्षा के आधार पर बनेगी मेरिट लिस्ट
भर्ती प्रक्रिया के तहत सभी पदों के लिए कंप्यूटर बेस्ड मल्टीपल चॉइस टेस्ट (CBT) आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में अभ्यर्थियों को मिले अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट सूची में चयनित उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट में शामिल होना होगा। वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के पदों के लिए निर्धारित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इन परीक्षाओं के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से की अपील
पावर कंपनी प्रबंधन ने सभी इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
उम्मीदवार आवेदन से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
आवेदन की अंतिम तिथि: 3 दिसंबर 2026, रात 11:55 बजे तक।

