प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक समाप्त हो गई है। करीब 40 मिनट तक चली इस बैठक में संसद के आगामी सत्र और महत्वपूर्ण विधायी प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान अनुपात से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। सीटों की संख्या से जुड़ी यह सीमा वर्ष 2051 तक लागू रखने की बात कही गई है। इसके अलावा महिला आरक्षण को लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को भी मंजूरी दी गई है। इसके तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।
महादेव सट्टा ऐप मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, छत्तीसगढ़ के कई जिलों और दिल्ली में एक साथ छापेमारी
सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन मिलने का दावा
परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि सरकार ने विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटा ली है। संसद का आगामी सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होगा। 3 दिसंबर को सत्रावसान प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि सरकार ने विधेयक को लेकर तैयारियां पूरी करने के बाद संसद का विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।
हालांकि, विपक्षी दल सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि विपक्ष को विधेयक की जानकारी नहीं दी गई और न ही इसकी प्रति उपलब्ध कराई गई। विपक्ष का कहना है कि महज चार दिन के नोटिस पर संसद का विशेष सत्र बुलाना उचित नहीं है। कई विपक्षी नेता इस पूरी प्रक्रिया को असंवैधानिक बता रहे हैं।
शरद पवार और स्टालिन की पार्टियों के रुख से बदले समीकरण
इस बीच परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच भी अलग-अलग राय सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के आठ सांसद विधेयक का समर्थन कर सकते हैं। वहीं, डीएमके ने भी संकेत दिया है कि यदि विधेयक उसकी शर्तों के अनुरूप रहा तो पार्टी इसका समर्थन कर सकती है। डीएमके के लोकसभा में 22 सांसद हैं।
भाजपा प्रवक्ता नलिनीश ठोकने को बड़ी जिम्मेदारी, NSIL में बने स्वतंत्र निदेशक
सूत्रों का दावा है कि सरकार के पास करीब 355 सांसदों का समर्थन हो सकता है। इससे विधेयक पारित कराने की राह आसान होने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए इसे बीजेपी की बड़ी राजनीतिक भूल बताया है।

